बलिया। “सिविल कोर्ट परिसर में अधिवक्ता साथियों से मिला आत्मीय स्नेह और सम्मान मेरे लिए बेहद भावुक क्षण है। यह अपनापन मुझे आज भी उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने और जनसरोकारों के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने को प्रेरित करता है।” यह बातें पत्रकार प्रदीप कुमार गुप्ता ने सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में कहीं।
उन्होंने कहा कि बलिया की बागी धरती से शुरू हुई 29 वर्षों की पत्रकारिता यात्रा संघर्ष, सीख और अनुभवों से भरी रही। इस दौरान द डॉन, अमर उजाला, प्रभात खबर और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों के साथ काम करने का अवसर मिला।
अपने सफर को याद करते हुए उन्होंने बताया कि पत्रकारिता की शुरुआत द डॉन से की। लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई के बाद अमर उजाला में विधि संवाददाता के रूप में दूसरी पारी शुरू की, जो आगे चलकर पूर्णकालिक पत्रकारिता में बदल गई।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि वर्षों से कायम विश्वास, रिश्तों और संवाद का सम्मान है। 29 वर्षों के इस सफर में मिले स्नेह ने अनेक पुरानी स्मृतियों को जीवंत कर दिया।
प्रदीप ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अलंकरण से कहीं बढ़कर नई जिम्मेदारी का विश्वास है। उन्होंने क्रिमिनल बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवकुमार तिवारी, गिरिजेश गुप्ता, शिवजी चौबे, अशोक कुमार जायसवाल सहित सभी अधिवक्ता साथियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया।
“आपका स्नेह और विश्वास ही मेरी 29 वर्षों की पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी है।”
Comments
No comments yet.