बलिया : आयकर विभाग द्वारा प्रारम्भ-2026 पहल के अंतर्गत नवीन आयकर अधिनियम, 2025 पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन विकास भवन बलिया के सभागार मे शुक्रवार को आयोजित किया गया. इस गोष्ठी मे मुख्य आयकर आयुक्त, प्रयागराज श्रीमती मीनाक्षी सिंह एवं प्रधान आयकर आयुक्त, प्रयागराज मानस मेहरोत्रा के मार्गदर्शन में आयकर विभाग, बलिया के तत्वावधान में विकास भवन के सभागार में वित्त मंत्रालय के प्रारम्भ-2026 पहल के तहत नवीन आयकर अधिनियम, 2025 एवं आयकर नियम, 2026 के संबंध में जागरूक किया गया। 

कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न हितधारकों के मध्य नवीन प्रावधानों के प्रति आमजन मे जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी समझ को सुदृढ़ बनाना था। संगोष्ठी में विशेष रूप से स्रोत पर कर कटौती (TDS) से संबंधित प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती अमनदीप कौर, संयुक्त आयकर आयुक्त, परिक्षेत्र-1, वाराणसी द्वारा अपने संबोधन में करदाताओं एवं विभागीय हितधारकों से नवीन आयकर अधिनियम, 2025 के प्रावधानों का समुचित अध्ययन कर उनका सही एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आयकर अधिकारी, बलिया श्री प्रवीन गिरी ने नवीन आयकर अधिनियम, 2025 एवं आयकर नियम, 2026 के प्रमुख प्रावधानों, विशेषकर TDS संबंधी नियमों एवं उनके व्यावहारिक अनुपालन की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रतिभागियों से कर संबंधी दायित्वों का सही एवं पारदर्शी ढंग से निर्वहन करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन श्री अनमोल पाठक, आयकर निरीक्षक के द्वारा किया गयाl

इस संगोष्ठी में आयकर अधिकारी, वाराणसी धनंजय तिवारी एवं आयकर अधिकारी, ग़ाज़ीपुर विपिन सिंह एवं राज्य सरकार के अधिकारीगण जिसमें मुख्य रूप से आनन्द दुबे, वरिष्ठ कोषाधिकारी, सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा एवं अन्य अधिकारी तथा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी (DDOs), कर सलाहकार जिसमेंचार्टर्ड अकाउंटेंट्स, टैक्स बार के सदस्य एवं पदाधिकारी, व्यापार मण्डल के सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में करदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान आयकर विभाग से श्री किशन प्रकाश, आकाश यादव, उपेंद्र तिवारी, शिवम, नीरज एवं अरुण द्वारा किया गया।

 अंत में आयकर विभाग ने सभी हितधारकों से नवीन आयकर अधिनियम, 2025 एवं आयकर नियम, 2026 के प्रावधानों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देने में सहयोग प्रदान करने की अपील की। आयकर अधिकारी, बलिया श्री प्रवीन गिरी द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि आयकर कार्यालय, बलिया में दिनांक 15.07.2026 से 31.07.2026 तक शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करदाता अपनी किसी भी प्रकार की शिकायत के समाधान हेतु उपस्थित होकर उसका निस्तारण करा सकते हैं।