लखनऊ में गुरुवार को हुई बारिश से शहर के लोगों को गर्मी से राहत तो मिली। लेकिन कई इलाके जलमग्न हो गए। जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर में खिसक आई है। साथ ही वेस्ट यूपी में मौसमी परिस्थितियां ऐसी बन गई हैं जो कि बारिश की तीव्रता बढ़ गई है। इसका असर लखनऊ और आसपास तक भी आ रहा है लेकिन ज्यादा नहीं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है। जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को टुकड़ों बारिश हुई लेकिन जमकर हुई। लखनऊ में सबसे ज्यादा वर्षा एयरपोर्ट और आशियाना में 27.2 मिलीमीटर दर्ज की गई। सबसे कम कुर्सी रोड, जानकीपुरम विस्तारित क्षेत्र में रही। गुरुवार को दिन का तापमान बारिश और तेज हवा से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 1.2 ज्यादा था.

लखनऊ में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भी अच्छी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
वहीं दूसरी ओर, पूर्वांचल के बलिया समेत कई जिलों में अब भी पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान और आमजन चिंतित हैं। धान की रोपाई प्रभावित हो रही है और खेतों में नमी की कमी बनी हुई है। लोगों की निगाहें अब मानसून की सक्रियता पर टिकी हैं, ताकि इन जिलों को भी जल्द राहत मिल सके।
बारिश ने जहां राजधानी लखनऊ को राहत दी है, वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में अब भी आसमान से बरसात की बूंदों का इंतजार जारी है। पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश न होने से सूखे के आसार बढ़ते नजर आ रहे हैं.