कलाकारों के उम्दा अभिनय ने दर्शको को किया भाव विभोर
बलिया स्थापना दिवस के अवसर पर संकल्प साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था, बलिया द्वारा 1 नवम्बर, रविवार को मनोरंजन हाल, श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलिया में नाटक ‘महानायक मंगल पाण्डे’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। वरिष्ठ रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी द्वारा लिखित एवं निर्देशित इस नाटक के माध्यम से 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक मंगल पाण्डे के साहस, संघर्ष और उनके आत्मबलिदान को कलाकारों ने मंच पर जीवंत कर दिया ।
नाटक में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध मंगल पाण्डे के विद्रोह, देश की आजादी के प्रति उनके समर्पण तथा मातृभूमि के लिए उनके बलिदान को प्रभावशाली दृश्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
नाटक में दिखाने का प्रयास किया गया कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि असंख्य क्रांतिकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। 1857 के विद्रोह का तात्कालिक कारण चर्बी वाला कारतूस था मगर उसके पीछे आम भारतीयों पर अंग्रेजों का दमन और अत्याचार की दिल दहला देने वाली अनेकों कहानियां भी थी । जिसने 1857 के विद्रोह के लिए पृष्ठभूमि तैयार किया। मंगल पाण्डे का जीवन आज भी अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपने सिद्धांतों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
नाटक में मंगल पाण्डे की भूमिका में राहुल चौरसिया के शानदार अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंग्रेज अधिकारी हियरशन की भूमिका में तुषार पांडेय और मुखिया की भूमिका में अनुपम पाण्डेय के अभिनय की भी सराहना हुई। इसके अलावा रितिक गुप्ता, यश गुप्ता,प्रियांशु चतुर्वेदी, रिया वर्मा, भाग्यलक्ष्मी, खुशी कुमारी, लक्की पाण्डेय, रेखा , आरती, सुशील तिवारी, करन , शाहिल चौरसिया भी अपनी भूमिका में शानदार रहे । संगीत पक्ष सम्भाला शैलेन्द्र मिश्र और कृष्ण कुमार यादव मिट्ठू ने । लाइट पर रिजवान सेट राहुल और तुषार का कास्ट्यूम ट्विंकल गुप्ता का रहा। मंच व्यवस्था अरविंद गुप्ता , स्मिता पाण्डेय और काव्या गुप्ता का रहा।
नाट्य प्रस्तुति से पहले साहित्यिकार डा जनार्दन राय, परिवहन मंत्री जी के अनुज धर्मेंद्र सिंह, धीरज सर्राफ, डीपीवो डा अमरेंद्र पोत्साययन, भानु प्रकाश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम कि उद्घाटन किया। नाट्य प्रस्तुति के बाद सभी कलाकारों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
Comments
No comments yet.