परिवहन सुविधा के अभाव में मेधावी छात्र प्रवेश से हो रहे दूर, विश्वविद्यालय तक नियमित बस सेवा की मांग तेज


बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (JNCU), बसंतपुर में अनेक रोजगारपरक एवं उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रम संचालित हैं, लेकिन विश्वविद्यालय तक नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा का अभाव आज भी छात्रों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। विश्वविद्यालय के लिए अब तक न तो सीधी बस सेवा शुरू हो सकी है और न ही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की नियमित बसों का संचालन हो पा रहा है। इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रवेश और दैनिक आवागमन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
मंत्री दया शंकर

छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि परिवहन सुविधा न होने के कारण दूर-दराज के कई मेधावी छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने से कतराते हैं। वर्तमान में विश्वविद्यालय पहुंचने के लिए निजी वाहन, ऑटो या ई-रिक्शा ही प्रमुख विकल्प हैं। मुख्य शहर से विश्वविद्यालय तक आने-जाने में समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ जाते हैं। कई यात्रियों का कहना है कि सीमित विकल्प होने के कारण ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया भी वसूला जाता है।

पूर्व प्रधानमंत्री जननायक चंद्रशेखर के नाम पर स्थापित इस विश्वविद्यालय से क्षेत्र के छात्रों को बेहतर उच्च शिक्षा की उम्मीदें जुड़ी हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा रही है कि विश्वविद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, विशेषकर नियमित परिवहन व्यवस्था, को लेकर अपेक्षित गति से कार्य नहीं हो सका। इस संदर्भ में स्थानीय लोग सांसद नीरज शेखर और प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक दयाशंकर सिंह से प्रभावी पहल की अपेक्षा कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय में पूर्व कुलपति प्रो. कल्पलता पाण्डेय के कार्यकाल में राज्यपाल की अनुमति के बाद कुछ समय के लिए रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराया गया था। उस पहल से छात्रों को राहत मिली थी, लेकिन बाद में यह सेवा बंद हो गई। इसके बंद होने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई।

वर्तमान में विश्वविद्यालय बलिया रोडवेज बस स्टेशन से लगभग 11 किलोमीटर तथा बलिया रेलवे स्टेशन से लगभग 11.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में प्रतिदिन आने-जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए नियमित बस सेवा की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है।
इधर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

कुलपति का वर्जन
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (JNCU) कुलपति

जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र शुक्ला ने कहा, "विश्वविद्यालय तक नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकताओं में है। इस संबंध में संबंधित विभाग से लगातार संवाद किया जा रहा है। परिवहन मंत्री से वार्ता हुई है और उन्होंने विश्वविद्यालय के लिए चार इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। तब तक अंतरिम व्यवस्था के रूप में रोडवेज की दो ग्रामीण सेवा बसें चलाई जाएंगी। हमें उम्मीद है कि छात्रों को जल्द ही सकारात्मक परिणाम मिलेगा और उनकी आवागमन संबंधी समस्या का समाधान होगा।"