बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (JNCU), बसंतपुर को प्रदेश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में शामिल करने की दिशा में विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। विश्वविद्यालय परिसर में संपर्क मार्गों का निर्माण लगभग अंतिम चरण में है, जबकि फैकल्टी भवनों का कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता इसके प्राकृतिक सौंदर्य को आधुनिक स्वरूप देना है। परिसर में विकसित झील और आकर्षक झरने छात्रों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे। साथ ही परिसर में निर्मित विशाल फव्वारे को और भव्य एवं आधुनिक रूप देने का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि विश्वविद्यालय को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर और मुख्य मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के अभाव को दूर करने के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, ताकि पूरे परिसर में आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जा सके।
प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी विश्वविद्यालय के सौंदर्यीकरण और विशेष रूप से झरने एवं अन्य विकास कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का विश्वास है कि प्रस्तावित सभी परियोजनाएं समय पर पूरी होने के बाद जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय न केवल अपनी आधुनिक सुविधाओं और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाएगा, बल्कि तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में अपनी पहचान बनाएगा।
Comments
No comments yet.